अडानी इंटरप्राइजेज की सहायक कंपनी Horizon Aero Solutions ने डिफेंस सेक्टर की कंपनी इंडा़मेर टेक्निक्स प्राइवेट लिमिटेड की 100 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदने की घोषणा की है। यह पूरी डील लगभग 330 करोड़ रुपये में हुई, जिसके बाद इंडा़मेर टेक्निक्स अब पूरी तरह अडानी ग्रुप का हिस्सा बन गई है।
इंडा़मेर टेक्निक्स क्या काम करती है
इंडा़मेर टेक्निक्स प्राइवेट लिमिटेड नागपुर स्थित एक एयरोस्पेस और डिफेंस से जुड़ी कंपनी है, जो विमानों की सर्विस, मेंटेनेंस और रिपेयर यानी MRO (Maintenance, Repair and Overhaul) सेवाएं देती है। कंपनी की शुरुआत वर्ष 2016 में हुई थी और कम समय में इसने एयरक्राफ्ट मेंटेनेंस सेगमेंट में अपनी अलग पहचान बनाई है। यह कंपनी कमर्शियल और कुछ विशेष श्रेणी के डिफेंस एयरक्राफ्ट पर काम करने की क्षमता रखती है।
नागपुर MIHAN SEZ में बड़ी MRO सुविधा
इंडा़मेर टेक्निक्स की प्रमुख सुविधा नागपुर के MIHAN SEZ में स्थित है, जहां लगभग 30 एकड़ यानी करीब 1.2 लाख वर्ग मीटर में अत्याधुनिक MRO इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया गया है। यहां 10 बड़े हैंगर मौजूद हैं, जिनमें एक समय पर लगभग 15 एयरक्राफ्ट पर एक साथ मेंटेनेंस और रिपेयर का काम किया जा सकता है। यह ग्रीनफील्ड सुविधा है, जो वर्ष 2021 से ऑपरेशनल है और घरेलू तथा अंतरराष्ट्रीय एयरलाइंस के लिए सेवाएं प्रदान कर रही है।
अडानी ग्रुप के लिए रणनीतिक फायदा
इस अधिग्रहण के बाद अडानी ग्रुप का एयरक्राफ्ट सर्विसेज और MRO बिजनेस सेगमेंट में सीधा प्रवेश और विस्तार दोनों होगा। ग्रुप अब विमान सर्विस, मेंटेनेंस और रिपेयर के ऑर्डर तेज गति से और बड़े पैमाने पर पूरा कर सकेगा, जिससे रेवेन्यू में वृद्धि और नए कॉन्ट्रैक्ट मिलने की संभावना बढ़ेगी। भारत सरकार भी घरेलू MRO क्षमता बढ़ाने पर जोर दे रही है, ऐसे में यह डील नीति के अनुरूप मानी जा रही है और भविष्य में डिफेंस तथा सिविल एविएशन दोनों सेक्टर से अधिक काम मिलने की संभावना बनती है।
अडानी एंटरप्राइजेज के शेयर का प्रदर्शन
डील की जानकारी 13 फरवरी को बाजार बंद होने के बाद स्टॉक एक्सचेंज को दी गई। उसी दिन शुक्रवार के कारोबार में अडानी एंटरप्राइजेज का शेयर 3.83 प्रतिशत की गिरावट के साथ 2,127 रुपये के स्तर पर बंद हुआ। कंपनी का मार्केट कैप लगभग 2.47 लाख करोड़ रुपये है, जबकि पिछले पांच साल में इसके शेयरों ने 205 प्रतिशत से ज्यादा रिटर्न दिया है और एक साल के आधार पर स्टॉक ने अपेक्षाकृत स्थिर प्रदर्शन दिखाया है।




