पिछले कारोबारी सत्र की भारी गिरावट के बाद शुक्रवार, 20 फरवरी को घरेलू शेयर बाजार ने जोरदार वापसी की। दिन के अंत में सेंसेक्स 317 अंक यानी 0.38% की बढ़त के साथ 82,814.71 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 117 अंक यानी 0.46% चढ़कर 25,571.25 के स्तर पर पहुंच गया।
निफ्टी पर हिंडाल्को इंडस्ट्रीज, NTPC, SBI लाइफ, L&T और कोल इंडिया टॉप गेनर्स रहे। वहीं इंफोसिस, टेक महिंद्रा, इटरनल, HCL टेक्नोलॉजीज और ग्रासिम इंडस्ट्रीज में गिरावट दर्ज की गई। सेक्टोरल इंडेक्स में IT और मीडिया को छोड़कर बाकी सभी इंडेक्स हरे निशान में बंद हुए। पावर, मेटल, कैपिटल गुड्स और PSU बैंक इंडेक्स 1–2% तक चढ़े।
मिडकैप इंडेक्स में 0.5% की बढ़त रही, जबकि स्मॉलकैप हल्की गिरावट के साथ बंद हुआ। BSE पर लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप 465 लाख करोड़ से बढ़कर 467 लाख करोड़ रुपये हो गया, जिससे निवेशकों को एक ही दिन में लगभग 2 लाख करोड़ रुपये का फायदा हुआ।
सोमवार को कैसी रहेगी बाजार की चाल ?
जियोजित इन्वेस्टमेंट्स के रिसर्च हेड विनोद नायर के अनुसार, हालिया करेक्शन के बाद लार्जकैप शेयरों में मजबूत खरीदारी से बाजार को सहारा मिला। निवेशकों ने प्रीमियम मिडकैप्स की बजाय बेहतर वैल्यूएशन वाले लार्जकैप्स को प्राथमिकता दी।
बैंकिंग और मेटल स्टॉक्स में रिकवरी देखने को मिली, जबकि IT सेक्टर दबाव में रहा। हालांकि इंडिया VIX में तेजी से वोलैटिलिटी बनी हुई है और जियोपॉलिटिकल तनाव अभी भी चिंता का विषय है।
HDFC सिक्योरिटीज के नागराज शेट्टी के मुताबिक, निफ्टी ने 25,400 के आसपास अहम सपोर्ट बनाए रखा है। यदि इंडेक्स 25,650–25,700 के रेजिस्टेंस के ऊपर टिकता है, तो शॉर्ट टर्म में रिलीफ रैली की संभावना बढ़ सकती है। फिलहाल गिरावट पर खरीदारी और ऊपरी स्तरों पर मुनाफावसूली का रुख जारी रह सकता है।
Disclaimer: यहां पर दी गई जानकारी कोई भी निवेश सलाह नहीं है। शेयर बाजार में निवेश करने से पहले मार्केट एक्सपर्ट की राय जरुर लें और अपनी जिम्मेदारी पर ही निवेश करें।




